कानपुर में बनेगा एविएशन स्किल हब, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : जयंत चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में बनेगा एविएशन स्किल हब, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : जयंत चौधरी


कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। दुनिया में एविएशन सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है और इसमें प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। कानपुर में बनने वाला एविएशन स्किल हब युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण देगा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। यह बातें रविवार को कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी ने कहीं।कानपुर में केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई) परिसर में जल्द ही एविएशन स्किल हब स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना भारत सरकार और फ्रांस सरकार की साझेदारी से तैयार की जा रही है। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय ने इसके लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां युवाओं को एविएशन और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।बताया गया कि नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) परिसर में प्रस्तावित इस केंद्र के माध्यम से एयरोनॉटिक्स मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहाल (एमआरओ) से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। यह योजना प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत लागू की जा रही है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने छह जून 2025 और 25 जनवरी 2026 को कौशल विकास मंत्रालय को पत्र लिखकर सीटीआई संस्थान के विस्तार की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि संस्थान के पास करीब 69 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर इसे कौशल विकास और उद्यमशीलता के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।इसी प्रस्ताव को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने कानपुर में एविएशन स्किल हब स्थापित करने का फैसला लिया। इस परियोजना से शहर में तकनीकी शिक्षा और उद्योग से जुड़े प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संयोजक सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयंत चौधरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में नरेंद्र सिंह यादव, मोहम्मद उस्मान और नफीस इदरीसी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story