मुरादाबाद रेल मंडल में अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का सफल कमीशनिंग
मुरादाबाद, 17 जून (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में उपमुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता (परियोजना) सुनील कुमार के नेतृत्व में मुरादाबाद मंडल ने रेल सुरक्षा और परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल के पिलखुवा–हापुड़–बाबूगढ़–कुचेसर रोड (24.73 किलोमीटर) रेलखंड पर आधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह प्रणाली 16 जून को शाम 7 बजे शुरू कर दी गई है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैI मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में निरंतर विकास कार्यों ,संरक्षा एवं सुरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं में सुधार की दिशा में ठोस कदम बढ़ाते हुए कार्य किये जा रहे हैं I
सीनियर डीसीएम के अनुसार नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों की स्थिति का पता लगाने और सिग्नलों को स्वतः नियंत्रित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। इससे एक ही रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा। परियोजना के अंतर्गत पिलखुवा–हापुड़, हापुड़–बाबूगढ़ तथा बाबूगढ़–कुचेसर रोड के बीच कुल तीन ब्लॉक सेक्शन विकसित किए गए हैं। साथ ही 5 मानवयुक्त रेलवे फाटकों ( एलसी गेट संख्या 80, 79, 76, 69 एवं 68) को सिग्नलिंग प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे ट्रेन आने पर फाटक संचालन और अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय हो सकेगा। इस कार्य के दौरान कई पुराने सिग्नलिंग सिस्टमों में आवश्यक बदलाव किए गए तथा कुल 14 रेलवे फाटकों पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को उन्नत किया गया। इसके अतिरिक्त नए सिग्नल, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क, डेटा लॉगर और अन्य आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

