हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 'श्रुत पंचमी' महापर्व, धूमधाम से निकली भव्य जिनवाणी शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 'श्रुत पंचमी' महापर्व, धूमधाम से निकली भव्य जिनवाणी शोभायात्रा




मुरादाबाद, 19 जून (हि.स.)। मुनि श्री 108 विव्रत सागर जी महाराज, मुनि श्री 108 विश्वार्थ सागर जी क्षुल्लकरत्न 105 श्री समर्पण सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में मुरादाबाद के रामगंगा विहार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर शुक्रवार शाम को 'श्रुत पंचमी' महापर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर से भव्य जिनवाणी शोभायात्रा धूमधाम से बैंडबाजे के साथ निकली।

इस पावन पुनीत अवसर पर मां जिनवाणी की आराधना और रूढियों को तोडने वाली साक्षात ज्ञान गंगा को जन-जन तक पहँचाने के लिए एक भव्य एवं अलौकिक शोभायात्रा (जूलूस) काॅलोनी के विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मंदिर जी पहुँचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा के मंदिर जी पहुँचने के पश्चात मां जिनवाणी की पूजा एवं आचार्य श्री की पूजा में विभिन्न जैन समाजों द्वारा अर्धं समर्पित किए गए।

इस विशिष्ट आयोजन में तीर्थंकर महावीर विश्वविधालय के चांसलर सुरेश जैन, ग्रुप वाइस-चेयरमैन मनीष जैन, नहटौर जैन समाज, स्योहारा जैन समाज, अमरोहा जैन समाज, नवगठित अहिच्छत्र कार्यकारणी एवं कई अन्य समाजो की भी सहभागिता रही।

मुरादाबाद दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि कार्यक्रम में नवगठित अहिच्छत्र कार्यकारणी एवं विभिन्न जैन समाजो से आए उनके अध्यक्षों का तिलक चंदन लगाकर उनका सम्मान किया गया तत्पश्चात मुनि श्री के प्रवचन हुए जिसमें उन्होंने श्रुत पंचमी क्यों बनाई जाती इस विषय की जानकारी समस्त समाज को दी तत्पश्चात पश्चात महाराज का पाद प्रक्षालन नहटौर समाज द्वारा किया गया तदुपरांत महाराज श्री को शास्त्र भेंट श्री पंकज जैन (अध्यक्ष महावीर जयन्ती महोत्सव समिति) अंशु जैन परिवार द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story