औरैया : तेज बुखार के बाद युवक की मौत, पोस्टमार्टम से होगा कारण स्पष्ट

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : तेज बुखार के बाद युवक की मौत, पोस्टमार्टम से होगा कारण स्पष्ट


औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अटसू कस्बे में शनिवार को तेज बुखार से पीड़ित 28 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अटसू निवासी आकाश राजपूत (28) पुत्र सोनेलाल हलवाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से विचित्र बुखार से पीड़ित थे। शनिवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। तेज बुखार के साथ लगातार उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही कोतवाली अजीतमल पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अजीतमल कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

बता दें कि मृतक आकाश परिवार के इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पिता सोनेलाल, माता रामकेतकी, पत्नी पूनम और मासूम पुत्री प्रियांशी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले आकाश के पिता सोनेलाल अपनी पुत्री आरती देवी के पास अटसू आकर बस गए थे। तभी से पूरा परिवार यहीं रह रहा था। आकाश मेहनत-मजदूरी के साथ हलवाई का काम कर परिवार की आजीविका चलाते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story