विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए 18 नवंबर तक करें आवेदन
-15 से 35 वर्ष के युवाओं को राष्ट्रीय विकास और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में आवेदन आमंत्रित किए हैं। जनपद के 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक और युवतियां 18 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि महानिदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव मांगे गए हैं। खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, कला एवं साहित्य, मानवाधिकार, सामुदायिक सेवा, स्वास्थ्य अनुसंधान और शैक्षिक उत्कृष्टता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने कार्यों से संबंधित फोटोग्राफ, प्रमाण पत्र और समाचार पत्रों की कटिंग सहित प्रस्ताव की दो प्रतियां 18 नवंबर तक युवा कल्याण विभाग, कक्ष संख्या-51, विकास भवन, ककोर, औरैया में व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

