योग और प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ जीवन का संदेश, 200 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
औरैया, 05 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से बुधवार को शहर के प्रेमा देवी जूनियर हाई स्कूल, ठठराई मोहल्ला में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. निधि शुक्ला, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) गौरव पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने करीब 200 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मौसम परिवर्तन के दौरान होने वाली सामान्य बीमारियों जैसे जुकाम, खांसी और बुखार से बचाव के प्राकृतिक उपायों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि संतुलित दिनचर्या, उचित खान-पान, नियमित योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बिना अनावश्यक खर्च के स्वस्थ रहा जा सकता है।
योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को गलत खान-पान और अव्यवस्थित जीवनशैली से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं को भी दैनिक जीवन में योग और प्राकृतिक चिकित्सा अपनाकर स्वयं को स्वस्थ रखने के सरल उपाय बताए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

