राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत टारगेट डिफेंस एकेडमी में योग शिविर आयोजित
औरैया, 04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों के क्रम में माहवार आयोजित योग शिविर के तहत बुधवार को टारगेट डिफेंस एकेडमी, आवास विकास कॉलोनी औरैया में योग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर को संबोधित करते हुए वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए जितनी आवश्यकता शिक्षा की है, उससे कहीं अधिक आवश्यकता अच्छे स्वास्थ्य की है। उन्होंने सर्दी के मौसम में होने वाली खांसी, जुकाम, बुखार जैसी आम लेकिन कष्टदायक बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
योग प्रशिक्षक ने शरीर में ऊर्जा एवं ताप उत्पन्न करने के लिए सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, अर्ध चक्रासन सहित विभिन्न योगाभ्यास और हल्के उछल-कूद वाले अभ्यास छात्र-छात्राओं को कराए।
उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और शरीर स्वस्थ एवं सक्रिय रहता है।
शिविर में टारगेट डिफेंस एकेडमी के संचालक सतीश बघेल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया और राष्ट्रीय आयुष मिशन की इस पहल की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

