रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर मनाया स्त्री शक्ति दिवस, छात्राओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर मनाया स्त्री शक्ति दिवस, छात्राओं को किया जागरूक


महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के बताए गुर, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान

औरैया, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई फफूंद की ओर से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर गुलजारीलाल बालिका इंटर कॉलेज में स्त्री शक्ति दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अतिथि महिला थाना प्रभारी पूजा सिंह राठौर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग और आत्मविश्वासी होना चाहिए। महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी रखने के साथ ही किसी भी विपरीत परिस्थिति में निडर होकर उसका सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता जिला छात्रा प्रमुख भाग्या अवस्थी ने रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि आज की नारी को शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता भी विकसित करनी चाहिए। समाज और राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्राचार्य विपिन ने शिक्षा और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं विभाग संयोजक आयुष शुक्ला ने राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम का संचालन परिषद कार्यकर्ता वेदांत कुमार ने किया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान, सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story