डीएम ने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में अफसराें काे दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में अफसराें काे दिए निर्देश


औरैया, 07 (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने की।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि मिशन के तहत शेष सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जल निगम (ग्रामीण), कार्यदायी संस्थाओं, थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि फेज-दाे एवं फेज-तीन के तहत जनपद में कुल 375 पाइप पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 232 योजनाएं पूरी होकर संचालित हो रही हैं, जबकि 81 योजनाएं परीक्षण चरण में हैं। शेष 62 योजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रस्तावित 359 ओवरहेड टैंकों में से 342 का निर्माण पूरा हो चुका है और 17 टैंकों का निर्माण अंतिम चरण में है। सभी 412 नलकूप तैयार किए जा चुके हैं। वहीं, 3571 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के लक्ष्य के मुकाबले 3551 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष 20 किलोमीटर पाइपलाइन शीघ्र बिछाई जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद के 768 गांवों में से 708 गांवों में रोस्टर के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। वहीं, 2,17,903 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लक्ष्य के सापेक्ष 2,14,374 परिवारों को कार्यशील नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सड़क पुनर्स्थापना का अधिकांश कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधूरे निर्माण कार्य, सड़क पुनर्स्थापना और शेष पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने थर्ड पार्टी एजेंसी को नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी करने और 'जल सारथी' ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि आमजन योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story