कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे : जिलाधिकारी


- 18 के युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर, विशेष कैंप में मिले आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन कराने के निर्देश

औरैया, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारी बूथ स्तर पर भ्रमण कर पात्र मतदाताओं का चिन्हांकन कराएं और उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने रविवार काे जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिए।

उन्होंने अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को मतदेय स्थल आवंटित किए। निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, का फार्म-06 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए।

डीएम ने कहा कि अधिकारी, बीएलओ के साथ आवंटित बूथों के मोहल्लों और मजरों में भ्रमण कर पात्र नागरिकों का सत्यापन करें। विशेष अभियान दिवस पर अधिकारी बूथों का निरीक्षण कर प्रत्येक दो घंटे में निर्धारित प्रारूप पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के पंजीकरण के साथ ही मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने के लिए महिलाओं के नाम शामिल कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि भ्रमण एवं सत्यापन के बाद 30 नवंबर को बूथवार विस्तृत आख्या संबंधित एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।

विशेष कैंप के आवेदनों की होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने झूम मीटिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करते हुए विशेष कैंपों में प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। ईपी रेशियो बढ़ाने के लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, एसडीएम अरसला नाज, जिला सूचना अधिकारी पवन तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785141 Articles

Share this story