औरैया के मौहारी ग्राम प्रधान का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
औरैया के मौहारी ग्राम प्रधान का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर


औरैया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मौहारी की वर्तमान ग्राम प्रधान सुधा पाल का बीमारी के चलते कानपुर के एक अस्पताल में शनिवार की देर रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भीड़ उनके आवास पर उमड़ पड़ी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान सुधा पाल पत्नी सुघर सिंह पाल लंबे समय से बीमार चल रही थीं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

ग्रामीणों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ग्राम विकास के लिए कई सराहनीय कार्य किए। उनके निधन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

ग्राम प्रधान सुधा पाल के पुत्र नरेंद्र और धर्मेंद्र पाल का रो-रोकर बेहाल हैं। बेटे नरेंद्र ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार खेतों में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story