औरैया में महर्षि कश्यप व महाराजा निषाद राज गुह्य की जयंती मनाई गई

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में महर्षि कश्यप व महाराजा निषाद राज गुह्य की जयंती मनाई गई


औरैया, 05 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यालय ककोर में रविवार को महर्षि कश्यप एवं श्रृंगवेरपुर के महाराजा निषाद राज गुह्य की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कार्यक्रम में कहा कि महर्षि कश्यप और महाराजा निषाद राज गुह्य भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और त्याग के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता व भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणी निषाद ने कहा कि महाराजा निषाद राज गुह्य ने भगवान श्रीराम के साथ सच्ची मित्रता निभाकर समाज को समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करें।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव भगवती देवी निषाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष महेंद्र, निवर्तमान जिला प्रवक्ता अनवर सिंह यादव, वीरेंद्र राजपूत, योगेश विरासिया, पप्पू यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story