औरैया : नई किरण ने आठ परिवारों को टूटने से बचाया

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : नई किरण ने आठ परिवारों को टूटने से बचाया


- समझौते के बाद पति-पत्नी साथ रहने को हुए राजी, खुशी-खुशी भेजे गए घर

औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देश के क्रम में रविवार को महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। इस दौरान आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के कारण कुछ दिनों से अलग रह रहे आठ परिवारों की समस्याओं को सुनकर समझौता कराया गया।

परिवारों के पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव और विवाद को दूर करने के लिए प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने दोनों पक्षों से बातचीत की। समझाने-बुझाने और आपसी सहमति के बाद सभी आठ परिवार साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद पति-पत्नी ने पुराने मतभेद भुलाकर एक साथ रहने की सहमति जताई।

पुलिस टीम ने दंपतियों को पारिवारिक जीवन में आपसी समझ, संवाद और सहयोग के महत्व के बारे में भी बताया। समझौते के बाद सभी परिवारों को हंसी-खुशी विदा किया गया। परिवारों के एक बार फिर साथ आने पर उनके परिजनों ने भी राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार, प्रोजेक्ट नई किरण के तहत आपसी विवादों के कारण बिखरने की कगार पर पहुंचे परिवारों को समझाइश और संवाद के माध्यम से एक सूत्र में बांधने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। टीम ने परिवारों को भविष्य में किसी भी तरह का विवाद होने पर बातचीत और समझदारी से समस्या का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story