कंचौसी में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
कंचौसी में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन


औरैया, 18 दिसंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर कस्बावासियों का अभियान तेज हो गया है। दिन के समय किसी भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव न होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सैकड़ों कस्बावासियों ने स्टेशन पर पहुंचकर रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव के नाम स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञानेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कंचौसी स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस 12419/12420, अलीगढ़ फास्ट मेमू 64703/64704 और महानंदा एक्सप्रेस 15484/15483 के अप-डाउन में ठहराव की मांग की गई। लोगों ने कहा कि इन ट्रेनों का ठहराव होने से कंचौसी समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

कस्बावासियों ने ट्रेनों के ठहराव के साथ ही वर्षों से लंबित रेलवे ओवरब्रिज, प्रस्तावित रेलवे फाटक पर अंडरपास, स्टेशन पर रैंप, ओवरब्रिज और रिजर्वेशन काउंटर बनाए जाने की मांग भी की। इसके अलावा स्टेशन पर अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

लोगों ने बताया कि इससे पहले 9 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। कस्बावासियों ने कहा कि जनहित की मांगें पूरी होने तक अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।

इस मौके पर किसान मोहित गुप्ता, नेता गिरीश सिकरवार, विनोद बाथम उर्फ भूरा, राशिद खान, संजय सविता, देवा सविता, आदेश शुक्ला, ज्ञानेंद्र गुप्ता, इशू शुक्ला, व्यास जी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story