ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत


औरैया, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बैसोली गांव के सामने बुधवार दोपहर 45 वर्षीय अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अधेड़ रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था।

बैसोली गांव के सामने खंभा नंबर 1117/20 के पास दोपहर करीब 12:00 बजे अधेड़ रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को क्रॉसिंग के बीच रोक दिया और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब दो मिनट बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ कांस्टेबल ने गैंगमैन की मदद से रेलवे ट्रैक साफ कराया।

मृतक की पहचान बैसोली अड्डा निवासी दिनेश पुत्र जगनू (45) के रूप में हुई। बताया गया कि मृतक कैंसर से पीड़ित था और काफी समय से सैफई अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उसकी पत्नी का भी काफी समय पहले निधन हो चुका था। मृतक अपने पीछे चार बेटियां और 13 वर्षीय बेटा रोहित छोड़ गया है। चार बेटियों में एक की शादी अभी नहीं हुई है। पहले ही मां को खो चुके बच्चों के सिर से अब पिता का साया भी उठ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

स्टेशन मास्टर की सूचना पर फफूंद जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी प्रभारी रामप्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story