औरैया : सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगों को मिला सहारा, 81 को बांटे सहायक उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगों को मिला सहारा, 81 को बांटे सहायक उपकरण


औरैया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड बिधूना में दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी एवं खंड विकास अधिकारी ने दिव्यांगजन लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके सशक्तीकरण एवं स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

81 दिव्यांगजनों को मिले उपकरण

कार्यक्रम के दौरान 48 ट्राईसाइकिल, नौ व्हीलचेयर, 10 जोड़ी बैसाखी, 12 छड़ी तथा दो कान की मशीनें वितरित की गईं। उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने प्रसन्नता जताते हुए शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

पिछड़ा वर्ग के 22 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र

इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से पिछड़ी जाति के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना एवं छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 22 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में उपनिदेशक/जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story