समरसता संकल्प यात्रा का 30 नवंबर को औरैया में होगा भव्य स्वागत, विशाल जनसभा का हाेगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
समरसता संकल्प यात्रा का 30 नवंबर को औरैया में होगा भव्य स्वागत, विशाल जनसभा का हाेगा आयोजन


औरैया, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनके समानता, सामाजिक समरसता, प्रेम, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का 30 नवंबर को जनपद में भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही विशाल जनसभा भी होगी।

यह जानकारी रविवार काे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला प्रभारी दिनेश वाजपेई ने दी। उन्हाेंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने विचारों और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका संदेश आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरस समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा सुबह 11 बजे अनंतराम टोल पर पहुंचेगी। इसके बाद बिलावा में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां हनुमान मंदिर में संत रविदास महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद मुरादगंज और मिहौली में भी यात्रा का स्वागत होगा।

यात्रा के क्रम में दोपहर 12 बजे फौजी ढाबा, एनएच-19, रौतियापुर में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने जनपदवासियों, सामाजिक बंधुओं, गणमान्य नागरिकों और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने और जनसभा में शामिल होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story