सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी


औरैया, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जनसामान्य की सुरक्षा प्रशासन का प्रथम दायित्व है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।

डीएम ने जनपद के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में रोड सेफ्टी क्लब गठित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा।

ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को सड़क किनारे खड़े ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वाहन चालकों और परिचालकों का अनिवार्य रूप से चरित्र सत्यापन कराने तथा इसका विवरण पुलिस और परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को प्रमुख सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों और दृश्यता बाधित करने वाली वनस्पतियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

स्कूली वाहनों की जांच के निर्देश

डीएम ने चेतावनी दी कि जिन विद्यालयों के वाहन फिटनेस, परमिट नवीनीकरण और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी संत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story