पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क की जल सारथी ऐप पर करें शिकायत, होगी मरम्मत

WhatsApp Channel Join Now
पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क की जल सारथी ऐप पर करें शिकायत, होगी मरम्मत


औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर अब ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए ऐप पर सड़क की मौके से फोटो और वीडियो अपलोड करने की सुविधा दी गई है। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी सड़क की पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) राकेश कुमार ने बताया कि जिले में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब 2343 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी। इसमें से अब तक 2342 किलोमीटर सड़कों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है। योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सड़क मरम्मत पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story