भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है : रंजना पाल

WhatsApp Channel Join Now
भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है : रंजना पाल


औरैया, 06 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की बिधूना विधानसभा क्षेत्र 202 बिधूना के विकासखंड एरवाकटरा के ग्राम बरौना कलां में आयोजित रामलीला कार्यक्रम का समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं प्रथम महिला ड्रोन पायलट रंजना पाल ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए।

रंजना पाल ने अपने संबोधन में प्रभु श्रीराम के आदर्शमय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने कहा कि आदर्शों, संस्कारों और जनकल्याण की भावना से ही एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत स्वरूप है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मर्यादाओं की सीख देते हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरित्र और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया जाता है।

उन्होंने आयोजन को सफल और यादगार बनाने में जुटे सभी आयोजकों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।इस दौरान बछरू लाल यादव प्रधान, महाराज सिंह पाल, राहुल धनगर, पप्पू मस्ताना, कल्लू यादव, कृष्णा पाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story