किसानों को अनुदान पर मिलेगा गुणवत्तायुक्त आलू बीज
औरैया, 15 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के आलू उत्पादक किसानों को उद्यान विभाग की ओर से अनुदान पर गुणवत्तायुक्त आलू बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभाग को 424 कुंतल बीज का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर आलू बीज की बुकिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से कुफरी बहार, कुफरी ख्याति, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी मोहन और कुफरी पुखराज सहित विभिन्न प्रजातियों का आलू बीज उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों के लिए कुफरी बहार का 150 कुंतल, कुफरी ख्याति का 50 कुंतल, कुफरी चिप्सोना-1 का 45 कुंतल और कुफरी मोहन का 100 कुंतल बीज निर्धारित किया गया है।
शासन की ओर से आलू बीज की दरें भी निर्धारित की गई हैं। इसके तहत प्रथम श्रेणी का बीज 3630 रुपये प्रति कुंतल, द्वितीय श्रेणी का बीज 3480 रुपये प्रति कुंतल, ओवरसाइज आधारित प्रथम श्रेणी का बीज 3040 रुपये प्रति कुंतल और ओवरसाइज आधारित द्वितीय श्रेणी का बीज 2980 रुपये प्रति कुंतल की दर से मिलेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इच्छुक किसानों को नकद मूल्य पर बीज खरीदने के लिए आवेदन करना होगा। बुकिंग प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर की जाएगी। इसके लिए कम से कम 25 प्रतिशत अग्रिम धनराशि का भुगतान करना अनिवार्य है। बीज खरीदने के बाद पोर्टल के माध्यम से एक हजार रुपये की अनुदान राशि डीबीटी के जरिए किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
इन दस्तावेजों के साथ करें संपर्क
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और मोबाइल नंबर के साथ उद्यान निरीक्षक सुशील कुमार तिवारी (मोबाइल नंबर 8273434571), अमित कुमार (मोबाइल नंबर 8400485394) तथा सहायक उद्यान निरीक्षक मनोज कुमार (मोबाइल नंबर 9259504767) से संपर्क कर सकते हैं। योजना की जानकारी के लिए किसान किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक विकास भवन ककोर के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 24 और 25 में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

