पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने अर्पित किए श्रद्धा-सुमन
औरैया, 21 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती , अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र व समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग, शौर्य और कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को स्मरण करते हुए कहा गया कि उनका बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुलिसकर्मियों का समर्पण और साहस समाज की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्यपथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

