फूलन देवी ने शोषितों और वंचितों की आवाज बुलंद की : सर्वेश बाबू गौतम

WhatsApp Channel Join Now
फूलन देवी ने शोषितों और वंचितों की आवाज बुलंद की : सर्वेश बाबू गौतम


औरैया, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय ककोर में शनिवार को पूर्व सांसद फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की, जबकि संचालन अनवर यादव ने किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस दिखाया। समाजवादी पार्टी उनके सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज आवश्यकता है कि उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में भाईचारा, समान अवसर और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत किया जाए।

जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि फूलन देवी ने संघर्षों से भरे जीवन के बावजूद लोकतंत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और समाज के वंचित वर्गों को सम्मान दिलाने का प्रयास किया।

पूर्व विधायक बिधूना प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि उनका जीवन साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बाबा रामनरेश यादव, लालजी शुक्ला, श्याम बाबू यादव, राजवीर यादव, रश्मि यादव, पल्लवी पाल, सुमन दिवाकर, भरत खन्ना, क्षत्रपाल सिंह वर्मा , राजकुमार यादव, राजेश प्रताप सिंह, यादव, वीरेंद्र राजपूत (विधानसभा अध्यक्ष दिबियापुर), नरसिंह यादव, महेंद्र त्रिपाठी, मधू यादव, राजकुमार गौतम (विधानसभा अध्यक्ष औरैया), तेहराज सिंह यादव, भागवती देवी निषाद, मनीष कठेरिया, रामरतन दोहरे, मुकेश यादव, बाबा डकूरे सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story