कार्तिक पूर्णिमा पर पंचनद में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सेंगनपुर में गूंजे फाग के गीत

WhatsApp Channel Join Now
कार्तिक पूर्णिमा पर पंचनद में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सेंगनपुर में गूंजे फाग के गीत


औरैया, 24 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बीहड़ पट्टी क्षेत्र के पंचनद पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। वहीं शाम को सेंगनपुर गांव में पारंपरिक फाग गायन का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीण संस्कृति और पुरानी परंपराओं की यादें ताजा कर दीं।

फाग गायन कार्यक्रम में कैथौली निवासी देवकांत दुबे, असेवा निवासी अर्जुन, भूरेपुर निवासी छोटेलाल, भीखेपुर निवासी बेंचेलाल, लालपुरा निवासी बाबा, रामपुरा निवासी अमर सिंह, असेबटा निवासी जसवंत और ढोलक मास्टर हाकिम सिंह यादव ने अपनी गायकी से समां बांधा। ढोलक की थाप पर फाग के पारंपरिक गीतों की गूंज से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने भी लोकगीतों का आनंद लिया।

फाग गायकों ने बताया कि एक समय था जब कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बीहड़ पट्टी क्षेत्र के लगभग हर गांव में फाग गायन की परंपरा निभाई जाती थी। गांवों में लोग एकत्र होकर रातभर फाग गाते थे। इससे आपसी मेलजोल बढ़ता था और लोक संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता था। हालांकि, बदलते समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे सिमटती जा रही है। अब क्षेत्र के एक या दो गांवों में ही फाग गायन का आयोजन रह गया है। गायकों ने चिंता जताते हुए कहा कि पारंपरिक लोक विधाओं को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। साथ ही नई पीढ़ी को फाग गायन से जोड़कर इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story