जरूरतमंद बेटी 'लक्ष्मी' के विवाह में आगे आई ‘एक विचित्र पहल’ समिति, गृहस्थी का सामान व आर्थिक सहयोग भेंट किया

WhatsApp Channel Join Now
जरूरतमंद बेटी 'लक्ष्मी' के विवाह में आगे आई ‘एक विचित्र पहल’ समिति, गृहस्थी का सामान व आर्थिक सहयोग भेंट किया


औरैया, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. द्वारा रविवार को सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भरसेन में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी लक्ष्मी के विवाह के लिए सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवार के घर पहुंचकर गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न व आर्थिक सहयोग भेंट कर मानवता की मिसाल पेश की।

ग्राम भरसेन निवासी रामनरेश राठौर (तेली), जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, उनकी पुत्री लक्ष्मी का विवाह 7 जुलाई को कानपुर देहात के रमपुरा डेरापुर निवासी विपिन के साथ होना तय है। आर्थिक तंगी के चलते लक्ष्मी की मां रीता देवी ने समिति से मदद की गुहार लगाई थी, जिस पर संस्था के पदाधिकारी व सदस्य सहयोग के लिए उसके घर पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान समिति के “सखी ग्रुप” की महिलाओं ने लक्ष्मी का रोली-चावल से तिलक कर, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद समिति व जनसहयोग से खाद्यान्न सामग्री में गेहूं का आटा, चावल, दाल, साड़ियां, ज्वेलरी सेट, बर्तन, ट्रॉली बैग, मिक्सी, क्रॉकरी सेट, टेबल फैन, इलेक्ट्रिक प्रेस, श्रृंगार सामग्री सहित विभिन्न गृहस्थी उपयोगी सामान भेंट किए। साथ ही आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। मदद पाकर लक्ष्मी के परिवार के चेहरों पर खुशी झलक पड़ी। ग्रामीणों एवं मौजूद लोगों ने समिति की इस अनोखी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल ‘रानू’ ने बताया कि संस्था की ओर से अब तक जनसहयोग से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की 73 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग किया जा चुका है और लक्ष्मी संस्था की 74वीं बेटी है, जिसकी शादी में मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बेटियों की सहायता कर समिति के सदस्यों और दानदाताओं को आत्मिक सुख की अनुभूति होती है।

वहीं संस्था के संस्थापक “औरैया रत्न” आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सर्व समाज की वास्तविक जरूरतमंद बेटियों के लिए सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर समाजसेविका मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, सीता पोरवाल, पुष्पा गुप्ता, अनुपम पोरवाल, आदर्श गुप्ता (शुभम), रामआसरे गुप्ता, चिकित्सक एवं समाजसेवी एल.एन. गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, प्रशांत पोरवाल (मोनू), विनोद कुमार पोरवाल, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी, सतीश सहित समिति के अनेक सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story