काम नहीं करना है तो पद छोड़ दें, संगठन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : रामकिशोर साहू

WhatsApp Channel Join Now
काम नहीं करना है तो पद छोड़ दें, संगठन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : रामकिशोर साहू


औरैया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का सोमवार को औरैया जनपद में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जिले की सीमा पर भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

शहर में प्रवेश के दौरान सुभाष चौक और भारतीय विद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद जिला कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

जिला कार्यालय में आयोजित परिचय एवं संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी में रहकर पार्टी विरोधी गतिविधियां करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो पदाधिकारी जिम्मेदारी मिलने के बाद भी सक्रिय होकर कार्य नहीं कर रहे हैं, वे स्वयं पद छोड़ दें। संगठन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसका बूथ स्तर का संगठन है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाए, क्योंकि मजबूत बूथ ही चुनाव में जीत की सबसे बड़ी गारंटी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि जिले का संगठन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 की तरह इस बार भी भाजपा जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन से प्राप्त सभी कार्यक्रमों को जिले में प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया है और आगे भी संगठनात्मक गतिविधियों में और बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।

पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में रामकिशोर साहू का चयन कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि साहू ऐसे नेता हैं जो कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते और उनका समाधान करते हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी चुनावी मुकाबले की स्थिति में नहीं रहेगी और विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

बैठक को जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, पूर्व विधायक लाखन सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा तथा भुवन प्रकाश गुप्ता ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया।

बैठक में जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, योगेंद्र कैथवार, भूरे चौबे, ऋषि पांडेय, रजनीश पांडेय, माधव राजपूत, इंद्रपाल पाल, सौरभ भूषण शर्मा, प्रतीक सिंह, विमल दुबे, प्रतिमा अवस्थी, शिव सिंह भारती, रवीन्द्रीय शाक्य, रामजी बाजपेई सहित मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story