औरैया में आईपीएल सट्टा गैंग का भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार- लाखों रुपये नकद बरामद व बैंक खाते हुए फ्रीज

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में आईपीएल सट्टा गैंग का भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार- लाखों रुपये नकद बरामद व बैंक खाते हुए फ्रीज


औरैया, 27 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना कोतवाली, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा और जुआ संचालित कर रहा था। आरोपी खुले में पकड़े जाने के डर से किराए के मकानों में छिपकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देते थे। सूचना के आधार पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6,04,000 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 16 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। इसके अलावा जांच में सामने आए 12 बैंक खातों में मौजूद 3,61,261 रुपये की धनराशि को भी फ्रीज़ कराया गया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 1EX99 नामक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। मुख्य आरोपी द्वारा अलग-अलग आईडी के जरिए लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन किए जा रहे थे। गिरोह के कुछ सदस्यों का पहले से भी जुआ संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है। इस कार्रवाई को अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story