औरैया में मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, खजला-बर्फी नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, खजला-बर्फी नष्ट


-10,700 रुपये का दूषित मिठाई का माल फिंकवाया, अजीतमल में पनीर का नमूना लिया

औरैया, 19 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान खुले में बिक्री हो रही दूषित मिठाइयों और नकली चांदी वर्क लगी मिठाइयों को नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान 107 खजला और बर्फी नष्ट कराई गई, जिनकी अनुमानित कीमत 10,700 रुपये बताई गई।

गुरुवार काे सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार के नेतृत्व में सचल दल ने अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास की टीम ने नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी के माध्यम से शहर के सुभाष चौक, जेसी चौराहा, खानपुर चौराहा और जालौन चौराहे पर दुकानों का निरीक्षण किया।

वहीं बाबरपुर अजीतमल के नवीन नगर स्थित मोदी स्वीट्स एंड बेकरी दूध डेयरी से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। जांच में प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के संचालित मिला। इस पर विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के बिल, स्टॉक रजिस्टर, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने की चेतावनी दी। विभाग ने आमजन से मिलावट की सूचना देने की अपील भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story