औरैया : गहरे कुएं में गिरे युवक को रेस्क्यू कर फायरमैन ने बचाया
औरैया, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शनिवार को फायर ब्रिगेड टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 60 फीट गहरे कुएं में गिरे एक युवक की जान बचा ली। जहरीली गैस से भरे कुएं में उतरकर फायरमैन ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद क्षेत्रीय जनता उनकी बहादुरी की सराहना कर रही है।
जानकारी के अनुसार, राहतपुर निवासी 23 वर्षीय राजू अज्ञात कारणों के चलते गांव के एक पुराने कुएं में गिर गया। कुएं की गहराई करीब 60 फीट बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने स्थिति का जायजा लिया, तो पता चला कि कुएं में जहरीली गैस भरी हुई है, जिससे रेस्क्यू अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया।
टीम ने पहले कुएं में पानी का छिड़काव कर गैस के प्रभाव को कम किया। इसके बाद फायरमैन गजेंद्र सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई।
कड़ी मशक्कत के बाद गजेंद्र सिंह ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते रेस्क्यू होने से युवक की जान बच गई। बाहर निकालने के बाद युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने फायरमैन गजेंद्र सिंह की बहादुरी और मानवता की सराहना करते हुए उन्हें फरिश्ता बताया। साथ ही फायर विभाग की तत्परता की भी प्रशंसा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

