अछल्दा में खाद-बीज की दुकानों पर कृषि विभाग का छापा, 12 नमूने लिए

WhatsApp Channel Join Now
अछल्दा में खाद-बीज की दुकानों पर कृषि विभाग का छापा, 12 नमूने लिए


औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने अछल्दा क्षेत्र में विक्रय प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में उर्वरक का एक और बीज के 11 नमूने सहित कुल 12 नमूने लिए गए। वहीं, रेट और स्टॉक बोर्ड में अनियमितता मिलने पर चार प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया। छापेमारी की भनक लगते ही दुकान बंद कर संचालक के गायब होने पर एक अन्य प्रतिष्ठान को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक की बिक्री में अनियमितताओं को रोकने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अछल्दा में जांच के दौरान मै. कृष्णा बीज भंडार नेबीलगंज, मै. दीक्षित बीज भंडार, मै. योगेश बीज भंडार और मै. योगेश एंड ब्रदर्स खाद भंडार में रेट एवं स्टॉक बोर्ड सहित अभिलेखों में अनियमितताएं मिलीं। वहीं मै. मिश्रा खाद बीज भंडार का संचालक छापेमारी की जानकारी मिलते ही दुकान बंद कर मौके से अनुपस्थित हो गया। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिला कृषि अधिकारी ने विक्रेताओं को स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रतिदिन अपडेट रखने, बिक्री रजिस्टर पूरा करने और किसानों को कैश रसीद देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि जिले में यूरिया 27,736 मीट्रिक टन, डीएपी 5,923 मीट्रिक टन, एनपीके 5,230 मीट्रिक टन और एसएसपी 1,902 मीट्रिक टन उपलब्ध है। किसानों से निर्धारित दर पर खाद खरीदने और रसीद अवश्य लेने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसान घबराएं नहीं। छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story