तिलक नगर जमालशाह में दो शिफ्टों में अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ

WhatsApp Channel Join Now
तिलक नगर जमालशाह में दो शिफ्टों में अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ


औरैया, 28 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गुरुवार सुबह तिलक नगर जमालशाह में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इस बार नमाज दो शिफ्टों में अदा कराने की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

पहली शिफ्ट की नमाज सुबह 7 बजे अदा की गई, जिसमें हज़रत गुलाम समद मियां चिश्ती ने इमामत की। इसके बाद दूसरी शिफ्ट सुबह 7:45 बजे आयोजित हुई, जिसकी इमामत कारी मुशीर साहब ने कराई। दोनों शिफ्टों में बड़ी संख्या में मुस्लिम भाइयों ने शामिल होकर अल्लाह की इबादत की और मुल्क में अमन, चैन, खुशहाली तथा भाईचारे की दुआ मांगी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह दिखाई दिया।

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ अपर जिलाधिकारी, सीओ सिटी अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राम आसरे कमल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर मुस्लिम समुदाय को बधाई दी। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, लालजी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, फंटू दीक्षित, चंद्रनील शुक्ला, गनेश सिंह और कुल्लन नेता समेत कई समाजसेवियों ने लोगों से मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

ईद-उल-अजहा के मौके पर तिलक नगर जमालशाह में सौहार्द, भाईचारे और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story