बी-पैक्स समिति में गंदगी और टूटे फर्नीचर देख जलिलाधिकारी नाराज, व्यवस्था सुधारने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बी-पैक्स समिति में गंदगी और टूटे फर्नीचर देख जलिलाधिकारी नाराज, व्यवस्था सुधारने के निर्देश


टूटे फर्नीचर का नियमानुसार निस्तारण और परिसर में सफाई के निर्देश, किसानों को रकबे के आधार पर उर्वरक बेचने को कहा

औरैया, 10 अक्टूबर (हि.स.)। औरैया के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शनिवार को अजीतमल विकासखंड स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) का औचक निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी और टूटे फर्नीचर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित करने और टूटे फर्नीचर का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने किसानों को उर्वरक वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को उनकी जरूरत और कृषि भूमि के रकबे के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। समिति के सूचना पट पर उर्वरकों की उपलब्ध मात्रा और बिक्री दर स्पष्ट रूप से दर्ज करने को भी कहा, ताकि किसानों को खाद की उपलब्धता और कीमत की सही जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने बिक्री, भंडारण और आय-व्यय पंजिकाओं सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और समिति की व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने में कोई परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story