दीपावली पर आग से बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर आग से बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी


औरैया, 06 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद दीपावली पर्व पर आतिशबाजी, पटाखों और दीये-मोमबत्ती से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-धन की सुरक्षा के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार काे विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। इसके माध्यम से जनपदवासियों को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक त्योहार मनाने की सलाह दी गई है।

प्राधिकरण ने कहा कि दीपावली के दौरान असावधानी के कारण मकान, दुकान, गोदाम, झोपड़ी, फसल और वाहनों में आग लगने के साथ जनहानि की आशंका रहती है। ऐसे में पटाखे केवल खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें और पटाखे जलाते समय किसी जिम्मेदार वयस्क की निगरानी रखें। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और ज्वलनशील पदार्थों के पास पटाखे न जलाएं। फटे या पहले से जले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें।

घरों में दीपक और मोमबत्ती को कपड़े, पर्दे एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखने तथा सोने से पहले सभी अग्नि स्रोत बुझाने की सलाह दी गई है। विद्युत झालरों में प्रमाणित उपकरणों का प्रयोग करें और खराब तारों से बचें। घरों में पानी, रेत अथवा अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखने को कहा गया है।

पटाखा विक्रेताओं को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही बिक्री करने, निर्धारित स्थान पर सुरक्षित भंडारण रखने और दुकान में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खेतों, खलिहानों, भूसा घरों और पशुशालाओं के आसपास आतिशबाजी न करने की अपील की गई है।

प्राधिकरण ने आग लगने पर तत्काल अग्निशमन सेवा एवं जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना देने को कहा है। विद्युत आग में पानी का प्रयोग न करने तथा आग फैलने पर स्वयं जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तेजवीर सिंह ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन कर दीपावली को शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनामुक्त बनाने की अपील की है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story