धान खरीद में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई : जिलाधिकारी


औरैया, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आगामी एक नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद और बाजरा-मक्का खरीद को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार ककोर में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों और प्रभारियों को खरीद प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने शासन के निर्देशों की जानकारी दी। केंद्रों पर बैनर, आवश्यक उपकरण, अभिलेखों के रख-रखाव और ऑनलाइन खरीद प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को प्रतिदिन समय से केंद्र पर उपस्थित रहने, किसानों से संपर्क कर धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराने तथा पंजीकरण सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खरीद के दौरान किसानों के धान को अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न किया जाए। किसानों के साथ मधुर व्यवहार करने, अभिलेख व्यवस्थित रखने और भुगतान समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। किसानों को परेशान करने, खरीद में लापरवाही या बिचौलियों की संलिप्तता मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडियों में किसानों के धान की बिक्री के लिए नीलामी के माध्यम से खुली बोली कराने के निर्देश मंडी सचिव को दिए गए।

क्रय के लिए जिले में 28 केंद्र निर्धारित

जिले में धान खरीद के लिए कुल 28 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 16, पीसीएफ के पांच, पीसीयू के पांच और एफसीआई के दो केंद्र शामिल हैं। अब तक 405 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है।

किसानों की सहायता और शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम संचालित है। किसान 05683-249668 या मोबाइल नंबर 8564098675 और 7078640500 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में सीडीओ राम कृपाल चौधरी, एडीएम न्यायिक नीरज प्रसाद, एएसपी आलोक मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story