उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने पूरा किया अनुष्ठान
नहर पुल पर बने घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, चेयरमैन और सभासदों ने भी की पूजा-अर्चना
औरैया, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सोमवार दिबियापुर में सुबह निचली गंग नहर के पुल के पास बने घाट पर छठ पूजा पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सैकड़ों व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। घाट पर तड़के चार बजे से ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
नगर पंचायत की ओर से घाट के आसपास साफ-सफाई कराकर पुल से घाट तक चूना डलवाया गया। पूरे घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। छठ मईया के लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सूर्योदय के समय अर्घ्य देने के साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण हुआ। महिलाएं सूप में पूजन सामग्री, फल, गन्ना, मूली, सिंघाड़ा, मिठाई और ठेकुआ लेकर पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने जल में दूध प्रवाहित कर छठी मइया से लोक कल्याण और परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा, सभासद सुशीला देवी पोरवाल, राहुल दीक्षित, राजीव शर्मा, इन्द्रपाल सिंह इन्दू, कृष्ण कुमार कश्यप के अलावा सपा नेत्री पल्लवी पाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, रितू चंदेरिया, आभा पोरवाल, सीमा वाजपेयी, शशी यादव, ममता पोरवाल, रुबी पोरवाल और विनायक पोरवाल मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए तड़के ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती और क्षेत्राधिकारी सदर घाट पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस बल को पूजा संपन्न होने तक बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नहर पटरी पर श्रद्धालुओं के लिए चाय का स्टाल भी लगाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

