गैस चेंबर में गिरे आदमी की सूचना पर दौड़ी पुलिस, जानवर के अवशेष निकलने पर ली राहत की सांस

WhatsApp Channel Join Now
गैस चेंबर में गिरे आदमी की सूचना पर दौड़ी पुलिस, जानवर के अवशेष निकलने पर ली राहत की सांस


औरैया, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मौहारी में गुरुवार की शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे किनारे सर्विस रोड स्थित गैस चेंबर में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।

पुलिस ने गैस चेंबर के अंदर जाकर देखा तो वहां कोई व्यक्ति नहीं बल्कि किसी जानवर की जेर और अन्य अवशेष निकले, जिनसे तेज दुर्गंध आ रही थी।

जांच के बाद जब हकीकत सामने आई तो पुलिस के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली। पुलिस ने लोगों को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद मौके पर लगी भीड़ धीरे-धीरे हट गई और स्थिति सामान्य हुई।

कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि गैस चेंबर में कोई व्यक्ति पड़ा है और वहां से बदबू आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की तो चेंबर में भैंस के ब्याने के बाद निकली जेर आदि पड़ी मिली। मौके पर कोई व्यक्ति नहीं निकला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story