औरैया में नवजात बेटियों का केक काटकर मनाया जन्मोत्सव,बेटों के समान शिक्षा और अवसर देने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में नवजात बेटियों का केक काटकर मनाया जन्मोत्सव,बेटों के समान शिक्षा और अवसर देने का किया आह्वान


औरैया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और समाज में बालक-बालिका के बीच भेदभाव समाप्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुष्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राजकीय चिकित्सालय चिचौली में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और डॉ. अनिता सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पिछले एक सप्ताह में जन्मी 10 नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया।

इस दौरान नवजात बेटियों की माताओं को बेबी किट, फल की टोकरी, चॉकलेट, टॉफी और अन्य अल्पाहार सामग्री देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेटियों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तीकरण को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में जन्म लेने वाली प्रत्येक पात्र बालिका को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बालिका अथवा परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाए।

डॉ. अनिता सोनी ने माताओं को शिशु के नियमित टीकाकरण, आयरन की गोलियों के सेवन और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें बेटों के समान शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलना चाहिए। शिक्षित बेटी परिवार के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पवन कुमार, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, जिला प्रोबेशन कार्यालय के कर्मचारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story