औरैया में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत


औरैया, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र के याकूबपुर चौकी इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बूथ अध्यक्ष की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचानकेदारनाथ रखवारिया(५७) के रूप में हुई है, जो भाजपा के पट्टी ज्ञानी रखवारिया बूथ अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे केदारनाथ अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क घर के पास स्थित एक पेड़ से हुआ, जिसमें 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का करंट उतर आया और तेज करंट की चपेट में आने से केदारनाथ गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल तिर्वा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिवार में पत्नी विमला देवी, बड़े पुत्र राघवेंद्र और छोटे पुत्र जितेंद्र हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बेला थाना प्रभारी गंगा दास गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तिर्वा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story