भाजपा नेता राधेश कुमार दिवाकर ने दीपावली पर गांव-गांव पहुंचकर घर-घर बांटी पूजन सामग्री
औरैया, 06 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दीपावली के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं रेलवे बोर्ड के सदस्य राधेश कुमार दिवाकर ने औरैया विधानसभा क्षेत्र के गांव गोहानी कलां और नौरी में पहुंचकर घर-घर दीपावली पूजन सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने गांवों के मंदिरों में भी पूजन सामग्री भेंट की और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
राधेश कुमार दिवाकर ने गांवों में लोगों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा का पर्व है। इस अवसर पर समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां बांटना और जरूरतमंदों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया।
गांवों में घर-घर पहुंचकर पूजन सामग्री वितरित करने और मंदिरों में सामग्री भेंट करने की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा। त्योहार के अवसर पर इस तरह के प्रयासों से सामाजिक सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
राधेश कुमार दिवाकर लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। ग्रामीणों और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ ही वह विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी करते रहे हैं। दीपावली पर गांवों में पहुंचकर उन्होंने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान भाजपा नेता संतोष शर्मा लल्ला सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

