बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दो डंपरों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दो डंपरों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक घायल


औरैया, 11 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के दो डंपरों की भिड़ंत के बाद एक डंपर में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया। आग की लपटें उठने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी बाधित रहा।

हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला धुंधे गांव के सामने इटैली चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब चार बजे किमी संख्या 277 पर हुआ। बताया गया कि झांसी से इटावा की ओर जा रहा डंपर अनियंत्रित होकर आगे खड़े दूसरे डंपर में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर में तत्काल आग लग गई।

डंपर में आग लगते ही चालक ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में डंपर धू-धूकर जलने लगा। आग और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही अछल्दा थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह, इटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल और यूपीडा सीएसओ विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपर में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।

हादसे में घायल चालक की पहचान अमेठी निवासी मोहम्मद जमीर पुत्र समीर अहमद के रूप में हुई है। उसके सिर में चोट आई है। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को भरथना सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story