39 संपत्तियों पर 275 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाई

WhatsApp Channel Join Now
39 संपत्तियों पर 275 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाई


मुरादाबाद, 31 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की नया मुरादाबाद सेक्टर-16 योजना की 45 संपत्तियों की ई-नीलामी हेतु 10 जुलाई से 24 जुलाई तक ई-नीलामी पोर्टल public.erpupda.com पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज नीलामी की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

ई-नीलामी में कुल 45 संपत्तियों के सापेक्ष 39 संपत्तियों पर 275 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाई गई। प्राप्त बोलियों के आधार पर 39 संपत्तियों का सफलतापूर्वक आवंटन किया जाएगा, जिससे प्राधिकरण को लगभग रूपये 27.26 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा। नीलामी के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सर्वाधिक बोली रूपये 1,07,000 प्रति वर्गमीटर प्राप्त हुई, जो योजना के प्रति नागरिकों एवं निवेशकों के बढ़ते विश्वास एवं आकर्षण को दर्शाती है।

ई-नीलामी के उपरांत योजना में अब केवल 6 संपत्तियां ही आवंटन हेतु शेष रह गई हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि योजना को आमजन से अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा संपत्तियों का आवंटन पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य योजनाओं का सुव्यवस्थित विकास, निवेश को प्रोत्साहन तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा ने बताया कि इच्छुक आवेदक शेष उपलब्ध संपत्तियों के संबंध में प्राधिकरण के ई-नीलामी पोर्टल public.erpupda.com पर प्रकाशित आगामी सूचनाओं के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story