इविवि में सिलेक्शन कमेटी ने कुल 42 प्रोफेसरों को दी मंजूरी
--कुलपति के कार्यकाल में 391 शिक्षकों की हुई नियुक्ति, वर्तमान में 580 शिक्षक
प्रयागराज, 02 मई (हि.स)। कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के कार्य परिषद की आज ऑनलाइन हुई एक बैठक में 22-23 अप्रैल को तीन विभागों के लिए आयोजित हुई सिलेक्शन कमेटी के लिफाफे खोले गए। कार्य परिषद में इनमें हुई 01 एसोसिएट प्रोफेसर तथा 05 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर नियुक्तियों को अपनी मुहर लगा दी।
एंथ्रोपोलॉजी में एक असिस्टेंट प्रोफेसर, डिफेंस स्टडीज में एक एसोसिएट और दो असिस्टेंट प्रोफेसर तथा सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज में दो असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति को अपनी सहमति दी। इसके साथ ही 14 विभागों में 28 शिक्षकों का कैस के अंतर्गत प्रमोशन को भी सहमति दी। इसमें 08 एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर, 10 शिक्षक स्टेज 03 से एसोसिएट प्रोफेसर के लिए प्रमोट किए गए। 04 शिक्षकों का स्टेज 01 से स्टेज 2, 5 शिक्षक स्टेज 02 से स्टेज 03 के प्रमोशन किए गए। 16 गैर शिक्षक कर्मचारियों की सेवा का नियमित करने को मंजूरी दी गई।
यह जानकारी शनिवार को इविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के कार्यकाल में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। उनके कार्यकाल में अब तक 391 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और वर्तमान में विश्वविद्यालय में 580 शिक्षक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुलपति के इन सभी प्रयासों का असर विश्वविद्यालय में पठन-पाठन, शोध कार्य और संस्था की बेहतर होती रैंकिंग पर देखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

