रायबरेली में होली के जुलूस पर पत्थरबाजी और चाकू से हमला,दस घायल

WhatsApp Channel Join Now

रायबरेली,05मार्च(हि.स.)।उत्तर प्रदेश के रायबरेली में गुरुवार को होली के जुलूस पर समुदाय विशेष के लोगों ने छत से ईंट पत्थर से हमला कर दिया। विरोध करने पर चाकू से भी हमले की सूचना है। घटना में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ।मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है । आला अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

बछरावां कस्बा स्थित सब्जी मंडी में होली खेल रहे युवाओं का जुलूस जा रहा था,जैसे ही जुलूस जागुन टोला पहुंचा।अचानक एक घर की छत से पत्थर चलने लगे,जिससे अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने जब इसका विरोध किया तो जुलूस में शामिल युवाओं पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में करीब दस लोग घायल हो गए। हमले में घायल दुर्गेश (27) की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची बछरावां पुलिस ने मामला शांत करने का प्रयास किया, परंतु मामला शांत नहीं हो पाया। तनाव को देखते हुए मौके पर पीएसी तैनात की गई है। उधर, आक्रोशित कस्बावासियों ने कोतवाली का घेराव कर लिया। हिंदू पक्ष ने पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कोतवाली पुलिस उनके साथ भेदभाव कर रही है और गैर समुदाय के लोगों के साथ खड़ी है। मामला बढ़ता देख महाराजगंज सर्किल के पांचों पुलिस थानों की पुलिस बुला ली गई। लोगों ने पुलिस मुर्दाबाद, मुस्लिम मुर्दाबाद के नारे लगाए। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story