दूरसंचार एवं आईटी एक्ट से जुड़े एक मामले में अर्जित अचल सम्पत्ति कुर्क

WhatsApp Channel Join Now
दूरसंचार एवं आईटी एक्ट से जुड़े एक मामले में अर्जित अचल सम्पत्ति कुर्क


दूरसंचार एवं आईटी एक्ट से जुड़े एक मामले में अर्जित अचल सम्पत्ति कुर्क


देवरिया, 22 मार्च (हि.स.)। देवरिया जनपद के थाना महुआडीह पुलिस ने दूरसंचार एवं आईटी एक्ट से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई रविवार को करते हुए अभियुक्त द्वारा अपराध से अर्जित अचल सम्पत्ति को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई, जिसमें लगभग 31 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सम्पत्ति को जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि प्रभारी थाना साइबर क्राइम, एसओजी टीम, थाना कोतवाली पुलिस तथा बीएसएनएल कार्यालय देवरिया की संयुक्त कार्रवाई में पहले ही आरोपित तेज नारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया था। वह कोतवाली क्षेत्र के रामगुलाम टोला का निवासी है। जांच में सामने आया कि अभियुक्त अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहा था। इस कार्य के लिए वह सिमबॉक्स तकनीक का इस्तेमाल करता था, जिससे दूरसंचार कम्पनियों को भारी नुकसान होता था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से बड़ी मात्रा में सिमबॉक्स, सिम कार्ड, एंटीना, लैपटॉप और राउटर जैसे उपकरण बरामद किए थे। इस मामले में थाना साइबर पर मुकदमा संख्या 18/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय बेतार तार यांत्रिकी अधिनियम 1933, दूरसंचार अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक थाना महुआडीह अमित कुमार राय द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि आरोपित ने अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से अचल सम्पत्ति खरीदी थी। इसी क्रम में आज रविवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर धारा 107(4) बीएनएसएस के तहत आरोपी की सम्पत्ति को कुर्क किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुर्क की गई सम्पत्ति में रामगुलाम टोला स्थित भूमि और मकान शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 31,31,680 रुपये आंकी गई है। यह सम्पत्ति आरोपित के परिवार के नाम पर दर्ज थी, जिसमें पुष्पा देवी और रिम्पा सिंह का नाम शामिल है। इस कार्रवाई में थाना महुआडीह एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त संदेश जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story