अटल आवासीय विद्यालयों के बच्चों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में रचा इतिहास

WhatsApp Channel Join Now
अटल आवासीय विद्यालयों के बच्चों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में रचा इतिहास


लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत संचालित प्रदेश के समस्त अटल आवासीय विद्यालयों ने कक्षा 10वीं की सी०बी०एस०ई० बोर्ड परीक्षा में अत्यंत सराहनीय एवं ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। इस वर्ष कुल 2,178 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 93.15 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित हुए, जो इस नवाचारी शैक्षिक मॉडल की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करता है।

अटल आवासीय विद्यालय, वाराणसी एवं प्रयागराज ने 100 प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर राज्य में उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित किया है। मेधा के स्तर पर भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया जनपद आज़मगढ़ के छात्र संगम यादव ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके पश्चात वाराणसी के हर्ष कुशवाहा ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रयागराज के छात्र हर्षित ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 95.8 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी क्रम में, आगरा के गणेश ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान अर्जित किया, जबकि मुरादाबाद के ही उदय प्रताप ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया।

इस परीक्षा में लगभग 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो उनकी असाधारण प्रतिभा एवं निरंतर परिश्रम का प्रतीक है। इसके अतिरिक्त, लगभग 250 विद्यार्थियों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त कर विद्यालयों के उच्च शैक्षणिक स्तर को और सुदृढ़ किया है। यह उपलब्धि इस तथ्य को रेखांकित करती है कि अटल आवासीय विद्यालय केवल उत्तीर्णता ही नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की दिशा में भी निरंतर अग्रसर हैं।

श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय योजना को इस उद्देश्य से विकसित किया गया कि निर्माण श्रमिकों एवं वंचित वर्ग के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए सुदृढ़ आधारभूत संरचना, आधुनिक शिक्षण सुविधाएँ, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति तथा समग्र विकास पर आधारित शैक्षणिक मॉडल तैयार किया गया है, जिससे इन बच्चों को एक बेहतर भविष्य मिल सके।

इसी क्रम में, अटल आवासीय विद्यालयों की महानिदेशक, पूजा यादव ने बताया कि यह सफलता निश्चित रूप से आने वाले वर्षों में और भी बेहतर परिणामों के लिए प्रेरणा प्रदान करेगी तथा प्रदेश के शैक्षिक परिदृश्य को नई दिशा देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story