अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत  53.04 करोड़ रुपये की मिली वित्तीय स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now
अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत  53.04 करोड़ रुपये की मिली वित्तीय स्वीकृति


लखनऊ, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 14 औद्योगिक अवसंरचना परियोजनाओं हेतु 53.04 करोड़ रुपये की द्वितीय किश्त की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

इस सम्बन्ध में अवस्थापना विकास विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार इन 14 परियोजनाओं के लिए पूर्व में कुल 131.49 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 67.16 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा वित्तीय एवं भौतिक प्रगति रिपोर्ट तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के उपरांत शेष अनुमन्य धनराशि जारी करने का निर्णय लिया गया है।

इन परियोजनाओं के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं पुनर्सतहीकरण, ड्रेनेज एवं सीवर नेटवर्क का विकास, पेयजल वितरण पाइप लाइन बिछाने तथा नए ट्यूबवेल स्थापित करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story