अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक : महापौर


फिरोजाबाद, 24 दिसंबर (हि.स.)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार रात शहर के अटल पार्क में भाजपा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, महापौर कामिनी राठौर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर अटल जी को नमन किया। नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को विकास की नई दिशा दी और राजनीति में शुचिता व संवाद की परंपरा स्थापित की।

भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को नमन करते हुए उनकी जन्म जयंती को सेवा, सुशासन और समर्पण के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story