अटल जी के सुशासन और राष्ट्र निर्माण के विचार आज भी प्रासंगिक : अमरनाथ यादव

WhatsApp Channel Join Now
अटल जी के सुशासन और राष्ट्र निर्माण के विचार आज भी प्रासंगिक : अमरनाथ यादव


--1433 बूथों पर अटल जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन होंगे : राजेश शुक्ला प्रयागराज, 20 दिसम्बर (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा रखी गई सुशासन की नींव, गुड गवर्नेंस और फील गुड के विचार आज भी देश को दिशा देने वाले हैं। अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व देश-विदेश में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। वे एक दूरदर्शी राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि भी थे, जिन्होंने भारत की पहचान को विश्वपटल पर स्थापित किया।

उक्त विचार भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं यमुनापार जिला प्रवासी अमरनाथ यादव ने अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित अटल जन्मशताब्दी समारोह अभियान यमुनापार जिला कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किया।

शनिवार को बृजमंगल सिंह इंटर कॉलेज, रामपुर करछना में उन्होंने आगे कहा कि एनडीए के 22 दलों को साथ लेकर अटल जी ने सुशासन का कीर्तिमान स्थापित किया। चतुर्भुज परियोजना, कारगिल युद्ध में विजय तथा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के साथ मिलकर परमाणु परीक्षण जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों से उन्होंने भारत को वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया। ऐसे महापुरुष के जीवन पर गोष्ठियों का आयोजन और उन्हें नमन करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने एसआईआर अभियान की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।

विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य कविता पटेल ने कहा कि एसआईआर अभियान की कमियों को दूर करते हुए प्रत्येक बूथ पर अटल बिहारी वाजपेई को नमन किया जाए और कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि यमुनापार के कार्यकर्ताओं ने सदैव संगठन के कार्यों को निष्ठापूर्वक सम्पन्न किया है। इस बार भी एसआईआर अभियान के साथ-साथ अटल जन्मशताब्दी समारोह को भव्य रूप से प्रत्येक बूथ पर आयोजित कर यमुनापार जिले को काशी क्षेत्र में प्रथम पायदान पर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के 1433 बूथों पर अटल जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन, विधानसभा एवं जिला स्तर पर संगोष्ठी तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन संयोजक अशोक पाण्डेय ने तथा आभार मंडल अध्यक्ष सुखराज सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, ज्ञान सिंह पटेल, राजेश्वरी तिवारी, संतोष त्रिपाठी, अजीत प्रताप सिंह, जय सिंह पटेल, कृष्ण दास गुप्ता, प्रकाश शुक्ल प्रचंड, कमलेश त्रिपाठी, शिवराम सिंह परिहार, राजेश धनगर, राजमणि पासवान, सतीश विश्वकर्मा, सुधाकर पांडेय, अरुण सिंह, डॉ. देवी सिंह, वीरेंद्र शुक्ला, आनंद तिवारी, कुशल जैन सहित जिला विधानसभा अभियान समिति के सदस्य एवं मंडल अध्यक्षगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story