भारतीय विश्वविद्यालय संघ के इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य बने सीएसजेएमयू के डॉ. श्रवण कुमार यादव

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय विश्वविद्यालय संघ के इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य बने सीएसजेएमयू के डॉ. श्रवण कुमार यादव


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालयीय खेल गतिविधियों को नई दिशा एवं गति प्राप्त होगी। इससे विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में अधिक अवसर उपलब्ध होंगे तथा उनकी सहभागिता और प्रदर्शन में भी सकारात्मक वृद्धि होने की अपेक्षा है। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्विद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कहीं।

सीएसजेएमयू के शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रवण कुमार यादव का चयन भारतीय विश्वविद्यालय संघ की 35वीं वार्षिक आम बैठक में सहभागिता के लिए किया गया।

यह महत्वपूर्ण बैठक एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, तमिलनाडु में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विश्वविद्यालयी खेलों के विकास एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इनमें इंटर यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं आवंटन, प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए ऑब्जर्वर्स की नियुक्ति, खेल गतिविधियों के प्रभावी समन्वय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को और अधिक प्रोत्साहित करने संबंधी अनेक महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे।

इस अवसर पर डॉ. श्रवण कुमार यादव को भारतीय विश्वविद्यालय संघ के इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य के रूप में भी नामित किया गया है। यह नामांकन भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए किया गया है। यह नामांकन विश्वविद्यालय एवं प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य के रूप में डॉ. यादव इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड की विभिन्न बैठकों में सक्रिय सहभागिता करेंगे तथा विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों, नीतिगत निर्णयों एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही वे भारतीय विश्वविद्यालय संघ के निर्धारित ढांचे के अंतर्गत विश्वविद्यालयी खेलों के प्रचार-प्रसार, उन्नयन तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में भी अपना योगदान देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story