जाैनपुर में सहायक अध्यापक निलंबित, बीएसए ने बैठाई जांच

WhatsApp Channel Join Now
जाैनपुर में सहायक अध्यापक निलंबित, बीएसए ने बैठाई जांच


जौनपुर,24 जुलाई (हि.स.)। बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालय में अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कंपोजिट विद्यालय बीबीपुर, विकास खंड सिरकोनी के सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह को शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार के इस आदेश के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

बीएसए कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 23 जुलाई को ग्राम प्रधान की शिकायत पर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि संबंधित शिक्षक विद्यालय समय में मोबाइल पर अशोभनीय वीडियो देख रहे थे। इसके अलावा विद्यालयीय कार्यों में लापरवाही बरतने तथा छात्रों से निजी कार्य कराने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए।

बीएसए समीर कुमार ने बताया कि संबंधित शिक्षक के विरुद्ध पूर्व में भी कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका संबद्धीकरण पूर्व माध्यमिक विद्यालय कादीपुर, विकास खंड सिरकोनी से किया गया है।

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी करंजाकला और खंड शिक्षा अधिकारी सुजानगंज को संयुक्त रूप से जांच अधिकारी नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को निर्धारित समय में जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर शिक्षा विभाग में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story